सोमवार, जुलाई 17, 2017

शौच के लिए जाना था पर रास्ते में खड़ी थीं गाडिय़ां, फूंक डाल 27 वाहन

पुणे।
महाराष्ट्र के पुणे में मामूली-सी बात पर गुस्साए युवक ने दो दर्जन से ज्यादा वाहनों में आग लगा दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुणे के जनता नगर में शनिवार की रात करीब 2 बजे एक जगह पर खड़े कई वाहनों को किसी ने आग के हवाले कर दिया। सभी वाहन आग में जलकर खाक हो गए। जले वाहनों में 1 टेंपो, 24 दुपहिया वाहन और 2 साइकलें भी शामिल हैं। वाहनों में आगजनी की सूचना मिलते ही दत्तवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो एक शख्स पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जिसने घटना की जिम्मेदारी ले ली।
आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए गाडिय़ों को फूंकने का जो कारण बताया, वह हैरान करने वाला है। आरोपी ने बताया कि शनिवार की आधी रात वह शराब के नशे में था। उसी दौरान उसे शौच जाने की जरूरत महसूस हुई, लेकिन रास्ते में खड़े वाहनों की वजह से उसे बड़ी परेशानी हुई। इसी से नाराज होकर आरोपी ने एक बाइक का पेट्रोल निकालकर वहां खड़े सभी वाहनों में आग लगा दी।

शनिवार, जुलाई 15, 2017

चीन से तनातनी के बीच बंगाल की खाड़ी में भारत-अमेरिका-जापान का संयुक्त युद्धाभ्यास

नई दिल्ली।
चीन से जारी इस तनातनी के बीच आज से बंगाल की खाड़ी में अभ्यास मालाबार शुरू हो रहा है, जिसके तहत भारत, अमेरिका और जापान की नौसेनाएं एक संयुक्त अभ्यास करेंगी। हर साल होने वाले इस अभ्यास में विमानवाहक पोत, लड़ाकू विमान, पनडुब्बियां और जंगी जहाज़ हिस्सा लेंगे। ये अभ्यास 1992 से शुरू हुआ है और तब से लगातार जारी है। इस अभ्यास का मकसद तीनों देशों की सेनाओं के बीच सैन्य ऑपरेशन के दौरान बेहतर तालमेल बनाना है। ये अभ्यास अगले दस दिन तक चलेगा जिसमें समंदर में तीनों देशों की सेनाओं की ताकत और अत्याधुनिक तकनीक का प्रदर्शन होगा।
इस अभ्यास में भारत की ओर से सबसे बड़ा विमानवाहक पोत विक्रमादित्य की अगुवाई में छह से सात युद्धपोत और एक पनडुब्बी शामिल होंगे। विक्रमादित्य पर मिग-29 के लड़ाकू विमान तो होंगे ही। वही अमेरिका की ओर से 100,000 टन वजनी विमानवाहक पोत निमित्ज के साथ साथ तीन से चार विध्वसंक (डिस्ट्रॉयर ) और परमाणु पनडुब्बी शामिल होंगे। यूएसए विमानवाहक पोत एफ -18 लड़ाकू विमान से लैस होंगे। जापान की ओर से 27 हजार टन वजनी हेलिकॉप्टर करियर इजुमो के अलावा और भी कई युद्धपोत लेकर आ रहा है।  इस बार के युद्धाभ्यास की सबसे बड़ी खासियत ये होगी कि पहली बार ऐसा होगा कि तीन विमानवाहक पोत हिस्सा लेंगे। इसमें अमेरिका का निमित्ज, भारत का आईएनएस विक्रमादित्य और जापान का इजुमो विमान वाहक पोत शामिल होगा।
इस बार युद्धाभ्यास का फोकस है  एन्टी सबमरीन ऑपरेशन यानी कैसे मिलकर दुश्मन की पनडुब्बी को मार गिराया जाए। हिंद महासगार के बंगाल की खाड़ी में होने इस युद्धभ्यास पर चीन की काफी टेढ़ी नजर है। वो हमेशा इस अभ्यास को संदेह से देखता है कि उसे लगता है ये सब उसको घेरने के लिए किया जा रहा है क्योंकि इन देशों का चीन के साथ किसी ना किसी मुद्दे पर विरोध रहा है। जाहिर है ऐसे वक्त में जब भारत की चीन के साथ टकराव जगजहिर है ऐसे में तीनों देशों की नौसेना मिलकर संयुक्त अभ्यास करने से चीन का अखरना लाजिमी है।  

गजनी के हीरो की तरह शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस पीडि़त महिला से 3 बार रेप

नई दिल्ली । पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में महिला अपराधों पर लगाम लगती नहीं दिखाई दे रही है। ताजा मामले में दिल्ली की एक महिला से गाजियाबाद ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडि़त महिला के मुताबिक, आरोपी ने महिला को फ्लैट में ले जाकर उसके साथ तीन बार दुष्कर्म किया। आरोपी कैब ड्राइवर है, जबकि दुष्कर्म की शिकार महिला शॉर्ट टर्म मेमोरी लॉस से पीडि़त है।
आरोप है कि कैब ड्राइवर ने कड़कडड़ूमा कोर्ट के बाहर से मानसिक तौर पर बीमार महिला को अपनी टैक्सी में बैठाया। इसके बाद वह महिला को गाजियाबाद में हिंडन नदी के पास बनी गोकल धाम सोसायटी में ले गया।
पीडि़त महिला का आरोप है कि दुष्कर्म का विरोध करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई भी की। वारदात के बाद वह महिला को कल्याणपुरी इलाके में छोड़कर फरार हो गया।
शिकायत पर दिल्ली पुलिस दुष्कर्म के आरोपी को कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 45 वर्षीय कमल के रूप में हुई।पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म की शिकार महिला कल्याणपुरी इलाके में रहती हैं। वह 6 जुलाई को कड़कडड़ूमा कोर्ट में पति और सास के खिलाफ केस दायर करने पहुंची थीं।
आरोपी कमल ने महिला नौकरी लगवाने का झांसा दिया और अपने फ्लैट पर ले गया। उस समय वहां कोई नहीं था। आरोपी ने महिला के साथ तीन बार दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर महिला की पिटाई भी की। दुष्कर्म के बाद ड्राइवर ने उसे कल्याण पुरी इलाके में छोड़ दिया
महिला किसी तरह से लाल बहादुर शास्त्री हॉस्पिटल पहुंचीं। हॉस्पिटल से ही फर्श बाजार पुलिस को कॉल करके वारदात के बारे बताया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूत्रों के मुताबिक आरोपी की 2 शादिया हो चुकी हैं और उसके 4 बच्चे हैं।

95 साल के पति से 85 साल की पत्नी ने मांगा गुजारा भत्ता

रायपुर। शनिवार को हुई लोक अदालत में कुटुम्ब न्यायालय में एक ऐसा मामला आया जिसमें 85 साल की पत्नी ने 95 साल के पति से गुजारा भत्ता दिलाने की गुजारिश की।
वृद्धा के आवेदन पर कोर्ट ने पति को भी अदालत में बुलाया। जब दोनों जज विमला कपूर के सामने पेश हुए तो पत्नी ने कहा कि अब उसके हाथ-पैरों में ताकत नहीं रही और बीमार रहने लगी है, इसलिए खर्च चलाने के लिए पति से हर माह पैसा दिलाया जाए।
वृद्ध पति ने जज से कहा-स्वयं नाती के रहमोकरम पर पल रहा हूं, भला इस उम्र में कहां से कमाई कर पाऊंगा। जज ने दोनों की बात सुनी और मामले की सुनवाई के लिए आगे की तारीख दे दी।
अदालत में वृद्ध अपनी बेटी के बेटे (नाती) के साथ आया था और वृद्धा अपने बेटे के साथ आई थी। पूछने पर वृद्धा तो कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुई, लेकिन ग्राम उपरवारा निवासी वृद्ध खेमू धीवर ने बताया कि दोनों 35 साल से एक-दूसरे से अलग रह रहे हैं। दोनों के पांच बच्चे हैं और सभी का अपना परिवार है।
पत्नी छोटे बेटे के साथ रहती है और मुझे मेरी बेटी का बेटा अपने साथ रखता है। जैसे-तैसे मुझे दो वक्त की रोटी नसीब हो रही है और अब 95 साल की उम्र में पत्नी गुजारा भत्ता मांग रही है। न मेरे पास जमीन है न जायदाद। मैं इस उम्र में भत्ता नहीं दे सकता। आज तो अदालत ने आगे की तारीख दे दी है, अब बुढ़ापे में अदालत के चक्कर लगाने पड़ेंगे। पत्नी को कोई तो समझाए कि मैं कहां से लाकर पैसे दूंगा। लोक अदालत में कुल 2657 मामलों की सुनवाई की गई। इसमें 560 मामलों का निराकरण किया गया। इसमें राजीनामा योग्य 234 मामले, चेक बाउंस के 69, दुर्घटना दावा के 89, सिविल वाद के 55, विद्युत के 67, विवाह संबंधी 14 मामलों का निराकरण किया गया। आपराधिक मामले के अलावा 7500 प्री लिटिगेशन मामले भी सुनवाई के लिए रखे गए।
रायपुर जिला सत्र न्यायाधीश नीलमचंद सांखला ने दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। इस मौके पर कहा कि जब हमारे साथ कोई नहीं होता तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण साथी बनकर आता है। लोक अदालतें न सिर्फ मामले निराकृत करती हैं, बल्कि पक्षकारों के मध्य संबंधों को भी मजबूत बनाती है। विशेष न्यायाधीश पंकज कुमार जैन ने आभार जताया। संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश उपाध्याय ने किया। आम दिनों में अदालत परिसर में जैसा माहौल होता है उससे भी ज्यादा भीड़ लोक अदालत में दिखाई दी। करीब 12 हजार लोग पहुंचे। सभी के लिए नि:शुल्क भोजन-पानी की व्यवस्था की गई थी। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। राजीनामा करने वाले पक्षकारों को उपहार में औषधीय व फलदार पौधे प्रदान कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

बेटियों से हल खिंचवाने को मजबूर तंगहाल किसान

सिहोर।
तंगहाल किसान के पास बैल खरीदने के पैसे नहीं हैं, वह अपने खेत जोतने के लिए अपनी बेटियों से हल खिंचवाने को मजबूर है। आर्थिक तंगी का शिकार यह किसान है सिहोर के बसंतपुर पांगड़ी गांव का।
सरदार काल्हा नाम के इस किसान का कहना है कि बैल खरीदने और उनके पालन-पोषण के लिए परिवार के पास पैसे नहीं हैं। किसान ने कहा, बैल खरीदने और उनका पोषण करने के लिए मेरे पास पैसे नहीं हैं। आर्थिक तंगी के कारण मेरी बेटियों ने स्कूल की पढ़ाई छोड़ दी है।
इस खबर के फैलने के बाद जिले के जनसंपर्क अधिकारी(ष्ठक्कक्रह्र) आशीष शर्मा ने कहा कि प्रशासन इस मुद्दे को देख रहा है और सरकारी स्कीम्स के तहत परेशान किसान को उपयुक्त मदद मुहैया करवाई जाएगी।
शर्मा ने आगे कहा, किसान को यह निर्देश दिया गया है कि वह हल खींचने के लिए अपनी बेटियों का इस्तेमाल न करे। प्रशासन देख रहा है कि सरकारी स्कीमों के तहत उसकी कितनी मदद की जा सकती है।
किसान सरदार काल्हा की दोनों बेटियों, 14 वर्षीय राधिका और 11 वर्षीय कुंती को आर्थिक तंगी के कारण स्कूल छोडऩा पड़ा।
राज्य में आर्थिक तंगी के कारण की किसान आत्महत्या कर चुके हैं। बीते दिनों राज्य का मंदसौर किसान आंदोलन का केंद्र बन गया था, किसान कर्जमाफी और फसल के उचित दाम की मांग कर रहे थे।