गुरुवार, सितंबर 21, 2017

कटड़ा में रहेगी नवरात्र महोत्सव की धूम

दीपाक्षर टाइम्स संवाददाता
जम्मू।

21 सितंबर से नवरात्र महोत्सव की धूम आरंभ होगी। आधार शिविर कटड़ा में 29 सितंबर तक चलने वाले नवरात्र महोत्सव के माध्यम से पर्यटकों को राज्य की लोक-संस्कृति व परंपरा से जोडऩे के लिए पर्यटन विभाग विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रहा है। कटड़ा में नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ 21 सितंबर को एशिया चौक कटड़ा से निकाली जाने वाली कलश यात्रा के साथ होगा। कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योग आश्रम कटड़ा में आल इंडिया डिवोशनल साग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इस वर्ष 3 लाख, 1 लाख एवं 50,000 रुपये की राशि इनाम में वितरित की जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन संगीत एवं नाटक डिवीजन, भारत सरकार द्वारा सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल कटड़ा में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता रहेगा। इसका आयोजन जेएंडके इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन द्वारा किया जाएगा। विदेश से आने वाले पहलवान स्थानीय पहलवानों के साथ मुकाबला करेंगे। यह जानकारी पर्यटन राज्यमंत्री प्रिया सेठी ने रविवार को सिदड़ा स्थित गाल्फ कोर्स में नवरात्र महोत्सव के कर्टन रेजऱ कार्यक्रम के दौरान दी। कार्यक्रम के दौरान कटड़ा में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन द्वारा दी गई।       
मुख्य आयोजन

21 सितंबर : उद्घाटन : एशिया चौक कटड़ा-सुबह 11 बजे
21 से 28 सितंबर :
शोभायात्रा : एशिया चौक कटड़ा से बस स्टैंड तक-रोजाना सुबह 11 बजे व शाम पांच बजे।
22 से 29 सितंबर :
प्रभातफेरी : बस स्टैंड से बाणगंगा तक रोजाना शाम साढ़े पांच बजे से।
21 से 28 सितंबर :
नटरंग की ओर से नाटक 'माता की कहानी का मंचन
स्थान : अध्यात्म केंद्र कटड़ा
समय : दोपहर तीन से शाम छह बजे तक
21 से 26 सितंबर :
दीवान मंदिर जम्मू, रामलीला मंडली सैनिक कॉलोनी व रियासी के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन
स्थान : गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल कटड़ा
समय : शाम सात से नौ बजे तक
21 से 29 सितंबर :
सांग एंड ड्रामा डिवीजन की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्थान : गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल कटड़ा
समय : रात नौ बजे से
21 से 29 सितंबर :
आल इंडिया डिवोशनल सांग प्रतियोगिता
स्थान : योग आश्रम ग्राउंड कटड़ा
समय : रात साढ़े आठ बजे से
22 से 28 सितंबर :
छात्रों, सूचना विभाग व कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी की ओर से कार्यक्रम 'गुलदस्ता'
स्थान : गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल कटड़ा
समय : सुबह 11 बजे से।
24 सितंबर :
अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता, जिसमें यूक्रेन, बीलोरशिया, जार्जिया व भारत के पहलवान हिस्सा लेंगे।
स्थान : कटड़ा स्टेडियम
26 सितंबर : लोक उत्सव
स्थान : बस स्टैंड कटड़ा
समय : शाम चार बजे से।

0 टिप्पणियाँ :

एक टिप्पणी भेजें