बुधवार, सितंबर 06, 2017

चोटी कटने की घटनाओं से दहशत में जम्मू संभाग

दीपाक्षर टाइम्स संवाददाता
जम्मू।

देश के अन्य भागों के साथ ही अब जम्मू में भी महिलाओं की चोटी कटने की घटनाओं ने तेजी पकड़ ली है जिससे महिलाओं में काफी दहशत है और वे घरों से बाहर निकलने में परहेज कर रही हैं। कई परिवारों ने तो तंत्र-मंत्र की शरण लेकर 'कुछ उपाय अपनाए हैं तो कई पुलिस प्रशासन को कोसती नजर आ रही हैं।
जम्मू संभाग में लगातार महिलाओं की चोटी कटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। एक युवक के बाल कटने के साथ नौ महिलाओं की चोटी कटी। उधर, लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन, पुलिस के साथ संस्थाएं भी आगे आने लगी हैं। कठुआ जिले के चड़वाल क्षेत्र में संस्था पावर ने नुक्कड़ सभा आयोजित कर लोगों को जागरूक रहने का आह्वान किया।
अखनूर के अंबारां गांव में ज्योति (24) पत्नी विजय की चोटी कट गई। तबीयत बिगडऩे पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अखनूर के ही कमालां गांव में मनीषा (22) पुत्री बाशी राम की सुबह चोटी कट गई।
गाव जेरडा में विवाहिता रेखा (25) पत्नी मलकीत सिंह की चोटी कट गई। शनिवार रात रेखा को अचानक चक्कर आया। वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उसके गिरते ही चोटी भी जमीन पर गिर पड़ी।
कठुआ जिले के नगरी के पंडोरी गांव में शनिवार रात श्रृष्टा देवी पत्नी फौजा सिंह ती चोटी कट गई। महिला की हालत बिगडऩे पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। गोविंदसर गांव में ज्योति पत्नी जीत कुमार की चोटी कटी। फलोट गांव में युवक रामप्रसाद पुत्र सुरेंद्र कुमार के बाल कट गए। महानपुर के सेरी मुहल्ले में मीनाक्षी देवी पत्नी राजेंद्र शर्मा इसकी शिकार हुईं। उसे जिला अस्पताल कठुआ ले जाया गया। शाम को डॉक्टरों ने उसे छुंट्टी दे दी।
राजौरी की सुंदरबनी तहसील के गांव पतराड़ा में रविवार शाम अंजु देवी पत्नी अंग्रेजू राम की चोटी कट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पौनी के कोठियां गांव में रुबिया बेगम (20) पत्नी मोहम्मद रियाज की चोटी तट गई। रियासी क्षेत्र में चोटियां कटने का सिलसिला लगातार जारी है। ज्योतिपुरम में राधा पत्नी राकेश की चोटी कट गई। सूचना पाकर पुलिस ने कमरे के साथ ही महिला के कटे बालों की जांच की।
चड़वाल में चोटी कटने की घटनाओं से लोगों को जागरूक करने के लिए गैर सरकार संस्था पावर द्वारा अभियान शुरू किया गया है। संस्था द्वारा छन्न रोडिया, मंगतिया हमीरपुर आदि गावों में अभियान चलाया गया। इस दौरान चेयरमैन मुकुरजीत शर्मा के नेतृत्व में संस्था के एक दल द्वारा नुक्कड़ सभा कर लोगों को घटना से चिंता न करने की अपील की गई। संस्था द्वारा चैलेंज किया गया कि अगर कोई उनकी संस्था के किसी सदस्य की चोटी काट कर दिखाए तो संस्था उसे दस हजार रुपये इनाम देगी। मंगतिया गाव में लोगों से नुक्कड़ सभा में चेयरमैन शर्मा ने कहा कि बाल कटने की घटनाओं के पीछे किसी चाल से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से अंधविश्वास की ओर जाने के बजाय इनका पता करने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसी घटनाओं से डरने की कोई जरूरत नहीं है। अगर किसी की शरारत है तो उसे प्रशासन को जल्द से जल्द सामने लाना चाहिए। उन्होंने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की आड़ में शरारती तत्व किसी वारदात को भी अंजाम दे सकते हैं। इसलिए ऐसी घटनाओं से डरने के बजाय सतर्क रहने की जरूरत है। इस दौरान सतपाल शर्मा, मास्टर देस राज, ज्ञानचंद व जयराम शर्मा मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ :

एक टिप्पणी भेजें