शनिवार, अगस्त 19, 2017

सरकार सुशासन, विकास पर बल दे रही है-उपमुख्यमंत्री

बिलावर में इंडोर स्पोर्टस स्टेडियम का नींव पत्थर रखा
जम्मू। 
 उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने रविवार को कहा कि सरकार सुशासन तथा राज्य के सभी क्षेत्रों के लोगों की विकासीय जरूरतों को पूरा करने पर विशेष बल देती आ रही है।
उपमुख्यमंत्री ने यह बात बिलावर में इंडोर स्पोर्टस स्टेडियम कम्पलैक्स का नींव पत्थर रखने के उपरांत स्थानीय लोगों को सम्बोधित करते हुए कही।
यह परियोजना नाज ग्राऊंड में जम्मू कश्मीर खेल परिषद द्वारा 4 करोड़ रु. की अनुमानित राशि के साथ 12 महीनों में पूरी की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने बल देते हुए कहा कि हमारी प्राथमिकता सुशासन तथा समाज के सभी वर्गों का सम्मिलित विकास है। इसके लिए राज्यभर में भारी संख्या में विकास कार्यों को शुरू किया गया है।
वर्तमान सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिलावर निर्वाचन क्षेत्र में 400 करोड रु. की राशि से कार्यो को शुरू किया गया है। जिनमें से कुछ पूरे किये जा चुके हैं और कुछ पूरा होने क अंतिम चरण पर हैं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि शिक्षा ढांचे में सुधार लाने हेतु 10 करोड़ रु. की राशि जारी करवाई गई है जबकि निर्वाचन क्षेत्र में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत 160 करोड़ रु. की अनुमानित राशि के साथ 21 सड़क परियोजनाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सड़क सम्पर्क में सुधार लाने हेतु जुथाना में एक पुल का निर्माण कार्य चल रहा है जिसपर सरकार 47 करोड़ रु. का व्यय कर रही है।
उन्होंने कहा कि उर्जा परिदृश्य में वृद्धि लाने हेतु रामपुर में 78 करोड रु. की राशि से एक ग्रिड स्टेशन बनाया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त उपमुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न विकास कार्यो के लिए उनके सीडीएफ से 4.5 करोड रु. की राशि  जारी की गई है जिसमें से सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने हेतु पीएचई ढांचे को बढ़ाने पर 1.5 करोड रु. खर्च किये गये हैं।
उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री विकास पैकेज के अंतर्गत जम्मू कश्मीर में खेल ढांचे को विकसित करने हेतु लिबरल फंडिंग उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। इसके पैकेज के अंतर्गत 22 जिलों में मल्टी स्पोर्टस इंडोर हाल बनाये जा रहे हैं।
इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बिलावर के फिंटर में तिरंगा यात्रा का हरी झंडी दिखाई जिसमें हजारों युवाओं ने भाग लिया। यह कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस समारोह के रूप में देशभर में आयोजित किया जा रहा है।
इसके उपरांत बिलावर के विभिन्न हिस्सों से आये प्रतिनिधिमंडलों ने उपमुख्यमंत्री को अपनी समस्याएं बताई।
उपमुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। 
उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को केन्द्र तथा राज्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों को उत्साहित करने के निर्देश दिये। राज्य खेल परिषद के संयुक्त सचिव शिव कुमार शर्मा, राज्य खेल परिषद के सदस्य रंजीत कालरा, राज्य खेल परिषद के एक्सईएन आर.के. भटट, एसडीएम राजेश बसोत्रा तथा अन्य प्रांतीय अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ :

एक टिप्पणी भेजें