बुधवार, अगस्त 09, 2017

धूमधाम से मना रक्षाबंधन का पर्व

दीपाक्षर टाइम्स संवाददाता
जम्मू।

भाई-बहन के पवित्र रिश्तों के प्रतीक रक्षा बंधन पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान सेना के जवानों को भी राखियां बांधी गई। राखी के त्यौहार पर पतंगबाजी के शौकीन लोगों ने भी जमकर अपनी हसरतें पूरी कीं।
रक्षाबंधन पर बहनों ने अपने भाइयों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी आयु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार व नकदी दे कर उनका सम्मान बढ़ाया। इस दौरान मिठाइयों की दुकानों के साथ ही राखियों की दुकानों पर भी भीड़ नजर आई। इतना ही नहीं पेट्रोल पंपों पर भी अपने वाहनों में पेट्रोल, डीजल भरवाने वालों की कतार लगी रही। रक्षाबंधन के दिन लंबे समय से घर की शोभा बढ़ाने वाली गाड्यिां भी सड़कों पर आ जाने से शहर भर में पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को घंटों भीड़ में फंसे रहना पड़ा। सरवाल, बख्शीनगर, पटोली, सुभाषनगर, तोप, न्यू प्लाट आदि जगह जाम में फंसे लोग सड़क किनारे खड़ी गाडिय़ों को कोसते नजर आए और यातायात पुलिस कर्मियों की गैर मौजूदगी पर अपना रोष व्यक्त  करते नजर आए। जाम के कारण कई बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने से वंचित रह गईं क्योंकि मुहूर्त लगभग डेढ़ बजे दोपहर तक ही था, उसके बाद चंद्रग्रहण का सूतक लग जाने के कारण राखी न बांधने का विश्वास हावी रहा। सोमवार को रक्षा बंधन के दिन मेटाडोर एवं बसों में भी पुरुष यात्रियों के मुकाबले महिला यात्रियों की ही भीड़ अधिक नजर आई। रक्षाबंधन पर दफ्तरों में उपस्थिति आम दिनों के मुकाबले काफी कम नजर आई।
रक्षा बंधन के दिन लोग पतंग उड़ाने के अपने शौक को पूरा करते हैं। युवाओं ने पूरी दोपहर छतों पर चढ़कर पतंगबाजी की तो महिलाएं भी इसमें पीछे नहीं रहीं और उन्होंने भी जमकर पतंगों के पेंच लड़ाए। प्रशासन द्वारा चाइनीज डोर गट्टू पर प्रतिबंध के बावजूद पूरे शहर भर के लोग इसी डोर से पतंगबाजी करते नजर आए। एक दो स्थान पर छापेमारी भी की गई पर पतंगबाजों के जनून के आगे प्रशासन के प्रतिबंध धरे के धरे रह गए।
  पूरे राज्य से रक्षा बंधन पर्व धूमधाम से मनाए जाने की खबरें प्राप्त हुई हैं।

0 टिप्पणियाँ :

एक टिप्पणी भेजें