गुरुवार, सितंबर 14, 2017

स्वाइन फ्लू और डेंगू का कहर और बढ़ा

दीपाक्षर टाइम्स संवाददाता
जम्मू।

डेंगू के साथ-साथ राज्य में स्वाइन फ्लू के मामले भी दर्ज हो रहे हैं। तीन और लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इसे मिलाकर अब तक सात लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक पांच जम्मू जिले के हैं। इन्हीं में से एक की मौत हुई है। दो अन्य ऊधमपुर जिले के रहने वाले हैं। कुल 46 मरीजों के अभी तक सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। एक की जांच रिपोर्ट आना शेष है।  जम्मू संभाग में डेंगू के मरीजों के आने का सिलसिला जारी है। सोमवार को सात और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसे मिलाकर अब तक 31 लोग इस बीमारी से पीडि़त हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 268 संदिग्ध मरीजों के सैंपल जंाच के लिए भेजे गए। इनमें से 216 की रिपोर्ट आ चुकी है। 31 में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें छह बच्चे, 17 पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं। जम्मू में सबसे अधिक 24 लोग डेंगू से पीडि़त है।
जबकि सांबा में दो, कठुआ, पुंछ, राजौरी, ऊधमपुर और डोडा में एक-एक मरीज हैं। सोमवार को जिन सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई, वे सभी जम्मू जिले के रहने वाले हैं। एपीडेमोलॉजिस्ट डॉ. जेपी सिंह का कहना है कि लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से बुखार को हल्के में न लेने के लिए कहा।

0 टिप्पणियाँ :

एक टिप्पणी भेजें