गुरुवार, जून 15, 2017

सरकारी अनदेखी के चलते विकास कार्य रुक गए पलौड़ा टॉप में

दीपाक्षर टाइम्स संवाददाता
 जम्मू।
शहर के वार्ड नंबर 59, पलौड़ा टॉप में दिक्कतें सिर चढ़कर बोल रही हैं। सरकारी अनदेखी के कारण विकास कार्य रुक गए हैं। गलियां और नालियां भी बदहाल हैं।
सफाई कर्मचारियों की तैनाती में भी हेराफेरी हो रही है। यहां 35 सफाई कर्मियों को लगाया गया है लेकिन पहुंचते 20 के करीब ही हैं। शेष की जांच करने वाला कोई नहीं है। रजिस्टर और जमीनी स्तर पर हाजिरी चेक नहीं हो रही। पानी और बिजली सप्लाई की स्थिति भी ठीक नहीं है। यहां एक करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर तैयार हुआ ट्यूबवेल और ओवर हेैड टैंक बेकार हो चुका है। नई सरकार आते ही इसका काम रुक गया। यहां पाइपें तक डाली जा चुकी हैं। काम पूरा होता तो पानी की दिक्कत दूर हो जाती। इलाके में लगी अधिकतर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। बीएसएफ पलौड़ा के गेट के नजदीक लगा वाटर कूलर ठीक करने के लिए उठाया तो गया लेकिन दोबारा नहीं लगा। दो वाटर कूलर गायब हो चुके हैं। करीब 15 हजार आबादी वाले इस वार्ड में रहने वाले सरकारी अनदेखी के कारण खुद को शहर से दूर पाते हैं। मनीत नगर, ठठर, पडोका कॉलोनी, जेके कॉलोनी, खजूरिया मुहल्ला, मन्हास मार्केट, वासुकी नगर, अम्बेडकर नगर, आदर्श नगर इसके प्रमुख मुहल्ले हैं।
पानी की आपूर्ति अक्सर प्रभावित रहती है। पुराने तारों के कारण अक्सर बंद रहती है बिजली। गलियों का निर्माण और मरम्मत नहीं हो रही। नालियां टूट चुकी हैं। इनकी मरम्मत नहीं हुई। न ही नई नालियां बनीं। स्ट्रीट लाइटें व वाटर कूलर खराब पड़े हैं।
आपसी भाईचारे के प्रतीक इस वार्ड में कई मंदिर हैं। इनमें से बुआ दाती मंदिर, गोपाल मंदिर और बाबा सिद्ध गोरिया मंदिर प्रमुख हैं। वार्ड में एक प्राइमरी सरकारी स्कूल भी है। दो ट्यूबवेल हैं। इनमें से एक बंद पड़ा है। कॉरपोरेटर के प्रयास से यहां दो पार्क भी बने हैं। एक को नगर निगम और दूसरे को फ्लोरीकल्चर विभाग ने विकसित किया है।
स्थानीय कैप्टन आर एस मन्हास का कहना है कि सफाई ढांचा लडख़ड़ाया हुआ है। तैनात 35 सफाई कर्मियों में से कम ही वार्ड में मिलते हैं। अधिकतर इलाकों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। अधिकारी पूछते तक नहीं। जांच होनी चाहिए।
कुलदीप गुप्ता का कहना है कि गलियों व नालियों की हालत बदतर है। वर्षो से इलाके में विकास नहीं हुआ। गलियां, नालियां मरम्मत को तरस रही हैं। इनका निर्माण जल्द शुरू होना चाहिए। शहर में रहकर भी गांव जैसे हालत हैं।
सूरज सिंह का कहना है कि बिजली की दिक्कत से हर कोई बेहाल है। गर्मी बढ़ते ही कटौती इतनी बढ़ गई है कि अब सांसे फूलने लगती हैं। बिजली ढांचे को ठीक करने की जरूरत है। विधायक व सरकार को ध्यान देना चाहिए।
राजकुमार भल्ला ने बताया कि पलौड़ा टाप में लाखों रुपये खर्च कर जो ट्यूबवेल ओएचटी बनाया गया, वह बेकार हो गया है। इसका काम रुक चुका है। लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। सरकारी अनदेखी से लाखों रुपये पानी में चला गया।
अशोक मनहास ने बताया कि नगर निगम से जनप्रतिनिधि बाहर होते ही वार्डो की हालत खराब है। हमारे वार्ड में विकास नहीं हो रहा। खुद दौड़-धूप कर जो काम करवा लिया, वही हो रहा है। निगम अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओं को खुश करने में जुटे हैं।

0 टिप्पणियाँ :

एक टिप्पणी भेजें